संशोधित... कोलकाता में विस्फोट से दहशत, बंद क्लब में धमाके से उड़ी टिन की छत
(नोट - दिन में बदलाव के साथ पुनः जारी)
कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। शहर के पाइकपाड़ा इलाके में शनिवार तड़के एक बंद पड़े क्लब में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों से इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना पाइकपाड़ा के गांगुलीपाड़ा लेन में हुई, जहां सुबह करीब 6 बजकर 11 मिनट पर जोरदार धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि क्लब की टिन की छत उड़कर पास की एक बहुमंजिला इमारत की छत पर जा गिरी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार कम से कम पांच बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि क्लब का दरवाजा और टिन की छत उखड़कर दूर जा गिरी थी और अंदर आग लगी हुई थी। घटना से घबराए लोगों ने तुरंत चितपुर थाने को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया।
स्थानीय निवासियों का दावा है कि जहां विस्फोट हुआ, वहां पहले एक क्लब संचालित होता था, जो पिछले छह–सात महीनों से बंद पड़ा था। उनका कहना है कि क्लब और उससे सटे इलाके में प्रमोटिंग को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ लोगों का संदेह है कि इसी विवाद के चलते किसी ने परित्यक्त क्लब भवन में बम छिपाकर रख दिए थे।
घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इलाके में पुलिस तैनाती बढ़ाने और क्लब परिसर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में कोलकाता के बीचोंबीच हुए इस विस्फोट की घटना से लोगों में स्वाभाविक रूप से चिंता और भय का माहौल बन गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

