बाघाजतिन बाजार में भयावह आग लगने से 48 से अधिक दुकानें जलकर राख
कोलकाता, 20 अक्टूबर (हि. स.)। महानगर कोलकाता के बाघाजतिन बाजार में मंगलवार तड़के भयावह आग लगने से करीब 48 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग बुझाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सुबह आठ बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। इस घटना में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाघाजतिन के पुराने और बड़े बाजार में आग लगने की सूचना मिली। खबर पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, तब तक आग कई दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। बाद में दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई। शुरुआत एक बताशे की दुकान से हुई, जिसके बाद आग तेजी से आसपास की अन्य दुकानों तक फैल गई। देखते ही देखते आग ने बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जली हुई दुकानों में अधिकांश दशाकर्मा और पूजा सामग्री की दुकानें बताई जा रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आग में दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया।
संसदएक दुकानदार ने बताया कि दुर्गापूजा के बाद लक्ष्मीपूजा के लिए उन्होंने अपनी दुकान में लक्ष्मी प्रतिमाएं और पूजा का अन्य सामान रखा था। आग में सब कुछ जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों और कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं। उनके अनुसार, शुरुआत में केवल एक गाड़ी आई और बाद में धीरे-धीरे गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई। तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

