एंटाली में पुराने मकान का एक हिस्सा ढहा, इलाके में मची अफरा-तफरी
कोलकाता, 16 सितंबर (हि.स.)। महानगर कोलकाता में पुराने और जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना बुधवार सुबह एंटाली थाना इलाके की है।
सूत्रों के अनुसार, एंटाली थाना इलाके में स्थित पुराने पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक पुराने मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पाकर एंटाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही कोलकाता नगर निगम के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल मकान के आसपास बैरिकेडिंग कर दी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मलबे के नीचे कोई दबा है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
नगर निगम के कर्मचारियों ने सड़क पर गिरे मकान के मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया है। घटना के बाद शहर में मौजूद पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

