विद्यापति पर्व समारोह में दिखी मैथिली संस्कृति की झलक
मैथिल युवा सामाजिक विकास मंच का वार्षिकोत्सव संपन्न
कोलकाता, 01 जून (हि. स.)। कोलकाता स्थित गैर सरकारी संस्था मैथिल युवा सामाजिक विकास मंच के तत्वावधान में रविवार शाम मुकुंदपुर स्कूल ग्राउंड में विद्यापति पर्व समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह पश्चिम बंगाल के पंचायत एवं कृषि विपणन मंत्री दिलीप घोष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सुभाष सरकार सहित कई गणमान्य लोग अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, दिलीप घोष द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में दिलीप घोष ने मिथिला की संस्कृति एवं सभ्यता की सराहना करते हुए कहा कि मिथिलावासी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को इसी प्रकार संरक्षित एवं संवर्धित करते रहें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जादवपुर जिला संगठनात्मक सभापति मनोरंजन जोधा, उपसभापति गोविन्द जी, महासचिव मौसमी दास, युवा मोर्चा महासचिव कुंदन साह, उपसभापति पंकज झा, मंडल-1 सभापति सजल राय, समाजसेवी प्रकाश झा सहित मिथिला एवं मैथिली समाज की अनेक संस्थाओं के गणमान्य पदाधिकारी एवं सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में मैथिली भाषा, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
समारोह के दौरान मिथिलांचल के विख्यात गायकों ने महाकवि विद्यापति रचित गीतों की प्रस्तुति देकर मैथिली संस्कृति की अद्भुत छटा बिखेरी। जिन कलाकारों ने परंपरागत मैथिली गीतों से समां बांधा उनमें पंडित कुंज बिहारी मिश्र, डा. चंद्रमणि झा, सुरेश पंकज, रामबाबू झा, माधव राय, आदित्य ठाकुर, रोशन झा, जुली झा व अन्य कलाकार शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से पंडित कुंज बिहारी मिश्रा को मिथिल मणि, गायक सुरेश पंकज को मिथिला मणि, उद्घोषक सह गायक, कवि राधे भाई एवं समाज सेवी विष्णु झा जी को मिथिला वैभव सम्मान से सम्मानित किया गया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रेम के मुताबिक संस्था का मुख्य उद्देश्य कन्या विवाह में मदद करना एवं बेरोजगारों के लिए रोजगार का प्रबंध करना है।
आयोजन को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्ष मालती झा, लक्ष्मी कांत झा, सुनील पाठक, उमेश मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, जतिंद्र नाथ मिश्रा, विभूति राय, राजेश पांडे, सुमित सिंह, त्रिलोक नाथ झा, दुर्गेन्द्र झा सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

