कोलकाता के तारातला वेयरहाउस हादसे में रानीगंज के मजदूर नवीन सिंह अब भी लापता
पश्चिम बर्दवान, 25 जून (हि. स.)। कोलकाता के तारातला स्थित वेयरहाउस में हुए भीषण हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। रानीगंज क्षेत्र के नवीन सिंह का परिवार चिंता और अनिश्चितता के बीच दिन काट रहे हैं। घटना के बाद मालवे के ढेर से फंसे हुए लोगों को निकालने का कार्य चल रहा है लेकिन अब तक नवीन सिंह का कुछ पता नहीं चल रहा। रानीगंज निवासी नवीन सिंह के परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
परिवार के अनुसार नवीन सिंह पिछले तीन–चार वर्षों से वहां काम कर रहे थे और हादसे वाले दिन भी ड्यूटी पर मौजूद थे। बताया गया कि दोपहर करीब 11:30 बजे तक परिवार की उनसे बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका।
नवीन सिंह की बहन सिमरन सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार अस्पतालों, राहत शिविरों और फैक्ट्री परिसर के लगातार चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक नवीन का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि हर जगह नाम खोजा जा रहा है और परिवार अब भी किसी अच्छे समाचार की उम्मीद लगाए बैठा है।
परिवार के एक अन्य सदस्य राहुल सिंह ने भी बताया कि उनका रिश्तेदार भी मलबे के नीचे फंसा होने की आशंका है और अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, रानीगंज के कई मजदूर इस हादसे से प्रभावित हुए हैं। इनमें से एक मजदूर की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कुछ अन्य के बारे में अब भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रभावित परिवार प्रशासन की ओर से अंतिम पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को वेयरहाउस में ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक निर्माणाधीन संरचना भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटनास्थल पर एनडीआरएफ, पुलिस, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीम लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

