सौरभ गांगुली के घर पहुंचे पुडुचेरी के 22 छात्र, मुलाकात कर खिले बच्चों के चेहरे
कोलकाता, 25 सितंबर (हि. स.)। कोलकाता के बेहाला स्थित भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के घर शुक्रवार को पुडुचेरी से आए करीब 20 से 22 छात्र-छात्राओं का खास स्वागत हुआ। पहली बार विमान से कोलकाता पहुंचे इन बच्चों के लिए सौरव गांगुली से मुलाकात किसी यादगार पल से कम नहीं रही। बच्चों ने क्रिकेट दुनिया के 'दादा' के साथ मुलाकात की, उनसे बातचीत की और ऑटोग्राफ लिया। सौरव गांगुली ने भी बच्चों को अपने हाथों से उपहार दिए और ऑटोग्राफ वाली बैट भेंट कर उनकी खुशी दोगुनी कर दी।
बच्चों से मुलाकात के दौरान सौरव गांगुली काफी उत्साहित और खुश नजर आए। पुडुचेरी से आए इन छात्रों के लिए कोलकाता भ्रमण का भी कार्यक्रम बनाया गया है, जिसके तहत वे शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों का दौरा करेंगे।
इस दौरान सौरव गांगुली ने आगामी दुर्गापूजा को लेकर राज्यवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। वहीं, सीएबी में राजनीतिक व्यक्तित्वों के आने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि लोढ़ा समिति की सिफारिशों में राजनीतिक व्यक्तित्वों के आने को लेकर ऐसी कोई पाबंदी नहीं है।
महालया के दिन ईडन गार्डन्स में होने वाले विशेष कार्यक्रम को लेकर भी सौरव गांगुली ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सुबह बैठक हुई है। इस आयोजन में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के शामिल होने की बात कही गई है। इसके अलावा बाहर से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
सौरव गांगुली के मुताबिक, महालया के इस विशेष आयोजन को लेकर एक अलग तरह का उत्साह देखने को मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

