वनवासी कल्याण आश्रम की पहल पर साल्टलेक में 31 मई से श्रीराम कथा का आयोजन
कोलकाता, 29 मई (हि. स.)। वनवासी कल्याण आश्रम की कोलकाता एवं हावड़ा महानगर इकाई के तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर साल्टलेक में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। युवभारती क्रीड़ांगन के दी स्टेडल बैंक्वेट में आयोजित राम कथा आगामी रविवार यानी 31 मई से शुरू होगी। सात जून तक चलने वाले इस आयोजन के अंतर्गत आचार्य मृदुलकांत शास्त्री (वृन्दावन) श्रीराम कथा का वाचन करेंगे।
आय़ोजन की अध्यक्षता प्रबुद्ध उद्योगपति विश्वनाथ सेकसरिया करेंगे जबकि जाने माने उद्योगपति प्रहलाद राय अग्रवाल आयोजन समिति के संरक्षक की भूमिका में होंगे।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध पूर्वांचल कल्याण आश्रम विगत 73 वर्षों से जनजाति (वनवासी) समाज के उत्थान हेतु निरंतर कार्यरत है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनजाति समाज का शिक्षा, चिकित्सा, स्वावलम्बन एवं श्रद्धा जागरण के माध्यम से सर्वांगीण विकास करते हुए उन्हें राष्ट्र की विकास धारा से जोड़ना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

