कोलकाता में राजस्थान दिवस समारोह 29 मार्च को, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष स्मारिका का होगा लोकार्पण
कोलकाता, 21 मार्च (हि.स.)। कोलकाता स्थित गैर सरकारी संस्था राजस्थान परिषद द्वारा राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य मे प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आयोजन की कड़ी मे आगामी 29 मार्च, रविवार को 77वां राजस्थान दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ति’ पर परिषद द्वारा एक संग्रहणीय स्मारिका का लोकार्पण किया जाएगा।
परिषद के महामंत्री अरुण प्रकाश मल्लावत ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल लाइब्रेरी सभागार मे सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति बेणु गोपाल बांगड़ की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा तथा विशिष्ठ अतिथि होंगे नैशनल लाइब्रेरी के डायरेक्टर जनरल अजय प्रताप सिंह। समारोह में सुप्रसिद्ध गायिका मारुति मोहता एवं साथी कलाकारों द्वारा वंदे मातरम् की संगीतमय प्रस्तुति के साथ ही राजस्थानी गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
अरुण मल्लावत ने बताया कि राजस्थान परिषद अपने स्थापना काल से ही राजस्थानी कला, संस्कृति एवं साहित्य के उत्थान एवम् प्रचार-प्रसार हेतु प्रयत्नरत है। इनके निमित्त समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। इस भव्य आयोजन के लिए प्रवासी नागरिक परिषदों के कार्यकर्ता बहुत उत्साहित हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन में कोलकाता स्थित प्रवासी राजस्थानियों की समस्त नागरिक परिषदों एवं संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उन्होंने सभी प्रवासियों से इस सारस्वत समारोह को अपनी उपस्थिति द्वारा सफल बनाने का निवेदन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

