राजस्थान दिवस समारोह और वंदे मातरम् स्मारिका लोकार्पण रविवार को
कोलकाता, 28 मार्च (हि. स.)। राजस्थान परिषद द्वारा राजस्थान दिवस के मौके पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आयोजन की कड़ी मे रविवार को राजस्थान दिवस समारोह मनाया जाएगा। परिषद के महामंत्री अरुण प्रकाश मल्लावत ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय ग्रंथागार (नेशनल लाइब्रेरी) सभागार मे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि होंगे।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ प्रेम शंकर त्रिपाठी। इसके अलावा राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा तथा नैशनल लाइब्रेरी के डायरेक्टर जनरल अजय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे।
समाजसेवी एवं उद्योगपति बेणु गोपाल बांगड़ की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध गायिका मारुति मोहता एवं साथी कलाकारों द्वारा वंदे मातरम् की संगीतमय प्रस्तुति के साथ ही राजस्थानी गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस अवसर पर ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ति’ पर परिषद द्वारा एक संग्रहणीय स्मारिका का लोकार्पण किया जाएगा। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ प्रेम शंकर त्रिपाठी के मार्गदर्शन में युवा पत्रकार सच्चिदानंद पारीक एवं भागीरथ सारस्वत द्वारा संपादित इस संग्रहणीय स्मारिका में वंदे मातरम गीत के पीछे की मूल भावना, संदेश एवं महत्व पर देश के मूर्धन्य साहित्यकारों, कवियों एवं लेखकों की रचनाओं के साथ ही प्रवासी राजस्थानियों की संस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी रहेगी।
अरुण मल्लावत ने बताया कि राजस्थान परिषद अपने स्थापना काल से ही राजस्थानी कला, संस्कृति एवं साहित्य के उत्थान एवम् प्रचार-प्रसार हेतु प्रयत्नरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

