home page

पूजा से पहले नए रूप में सजने जा रहा कुमोरटुली घाट

 | 
पूजा से पहले नए रूप में सजने जा रहा कुमोरटुली घाट


कोलकाता, 23 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता का ऐतिहासिक कुमोरटुली घाट पूजा से पहले बिल्कुल नए रूप में नजर आने वाला है। कुमोरटुली को हेरिटेज पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में घाट के सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुमोरटुली से चंपातला घाट तक हुगली नदी के करीब 300 मीटर हिस्से को नए रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पूरे परियोजना पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। श्यामाप्रसाद मुखर्जी पोर्ट यानी कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से ऐतिहासिक घाट का कायाकल्प किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, नए घाट का उद्घाटन आगामी 24 सितंबर को किया जा सकता है। इस मेगा परियोजना के उद्घाटन समारोह में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी के भी शामिल होने की संभावना है।

इस परियोजना के जरिए सिर्फ घाट का सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि कुमोरटुली को हेरिटेज पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। राज्य का पर्यटन विभाग कुमोरटुली के लिए एक मास्टर प्लान तैयार कर रहा है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और ऐतिहासिक इलाके की पहचान को और मजबूत किया जा सके।

इस परियोजना से कुमोरटुली के 300 से अधिक मृतशिल्पियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। अभी पूजा के मौसम में देश-विदेश से लोग यहां दुर्गा प्रतिमाएं देखने पहुंचते हैं। नए विकास के बाद पूरे साल पर्यटकों को यहां की पारंपरिक मूर्तिकला और कलाकारों की कला से रूबरू कराने की कोशिश होगी।

इससे कुमोरटुली की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा