home page

ईडी के समन पर सीजीओ कांप्लेक्स पहुंचीं पूर्व तृणमूल सांसद व अभिनेत्री नुसरत जहां

 | 
ईडी के समन पर सीजीओ कांप्लेक्स पहुंचीं पूर्व तृणमूल सांसद व अभिनेत्री नुसरत जहां


कोलकाता, 22 अप्रैल (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और बांग्ला फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्री नुसरत जहां बुधवार को कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पेश हुईं। ईडी ने उन्हें फ्लैट धोखाधड़ी मामले में तलब किया था। बुधवार सुबह नुसरत जहां साल्ट लेक के सी. जी. ओ. परिसर स्थित ईडी कार्यालय पहुंची। इस दौरान उनके साथ अभिनेता यश दासगुप्ता भी मौजूद थे।

अभिनेत्री सी. जी. ओ. परिसर में पहले से मौजूद मीडिया के सवालों से बचती नजर आई। वह कार से उतर कर यश के साथ सीधे ईडी कार्यालय के अंदर चली गयी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईडी ने 2023 में एक फ्लैट धोखाधड़ी मामले में नुसरत से पूछताछ की थी। उस वक्त जांचकर्ताओं ने अभिनेत्री से लगभग छ: घंटे तक पूछताछ की थी। इससे पहले अभिनेत्री नुसरत ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का खंडन किया था। अब एक बार फिर उन्हें पूछताछ के लिए केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय में तलब किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप