भंवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र में सुजोक एवं एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ
कोलकाता, 23 मई (हि. स.)। विगत 25 वर्षों से निशुल्क एक्यूप्रेशर चिकित्सा सेवा कार्य में जुटे भंवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र द्वारा सुजोक, एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ शनिवार शाम संस्था के कार्यालय में किया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुशल चिकित्सकों द्वारा शिक्षार्थियों को सुजोक एवं एक्यूप्रेशर विधि के माध्यम से विभिन्न रोगों का निदान कैसे किया जाए, इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही रोगियों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए ये भी बताया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष राम गोपाल सूंघा ने स्वागत भाषण देते हुए भंवर लाल मल्लावत के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को नमन किया। उन्होने कहा कि भंवर जी हम जैसे हज़ारों कार्यकर्ताओं के निर्माता थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भाग संघचालक ब्रह्मानंद बंग, सह संघचालक महावीर बजाज, डॉ. विजय हरभजनका, डॉ. सुरेश गुप्ता व अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने समारोह का संचालन किया तथा डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
इस अवसर पर सर्वश्री संजय रस्तोगी, गोविन्द जैथलिया, डॉ. सुनीता राठी, लिपिका जैन, गीता सिन्हा, रश्मी काजरिया, दीपक कछुआ, राजू जोशी, लक्ष्य अखरामका प्रभृति गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिक्षार्थियों में सीमा सावनसुखा, रुचिका करनानी, अनीता अग्रवाल एवं सीमा जयसवाल उपस्थित रही। ब्रह्मानंद बंग द्वारा सभी शिक्षार्थियों को किट प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि संघ के आनुषंगिक संगठन सेवा भारती के अन्तर्गत चलने वाले इस केंद्र में योग्य चिकित्सकों द्वारा रोगियों की निःशुल्क सेवा का कार्य विगत 25 वर्षों से अनवरत किया जा रहा है। सेवा के पर्याय कर्मयोगी भंवरलाल मल्लावत के अल्पायु में स्वर्गवास के उपरांत उनकी पावन स्मृति में ईस्वी सन 2000 में अक्षय तृतीया को संस्था प्रारम्भ हुई। संस्था द्वारा संचालित सेवा केन्द्र में सुजोक, एक्युप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर पद्धति द्वारा रोगियों का निःशुल्क इलाज लगातार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

