कोजागरी लक्ष्मी पूजा पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी राज्यवासियों को शुभकामनाएं
कोलकाता, 25 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोजागरी लक्ष्मी पूजा के पावन अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने रविवार सुबह समाज माध्यम पर एक संदेश जारी कर मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि पवित्र श्रीश्री कोजागरी लक्ष्मी पूजा के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और सौभाग्य से परिपूर्ण हो। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय मां लक्ष्मी’ के उद्घोष के साथ किया।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में कोजागरी लक्ष्मी पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। आश्विन मास की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व पर घर-घर में मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। श्रद्धालु अपने घरों की साफ-सफाई कर पूजा स्थल सजाते हैं और दीप जलाकर धन-धान्य, सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
बंगाल में कोजागरी की रात मां लक्ष्मी की आराधना और रात्रि जागरण की परंपरा प्रचलित है। धार्मिक मान्यता है कि इस रात देवी लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। इस अवसर पर कई परिवारों में विशेष पूजा-अर्चना, मंत्र जाप और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

