कोलकाता नगर निगम की बैठक 19 जून को, माला राय ने किया ऐलान
कोलकाता, 04 जून (हि. स.)। कोलकाता नगर निगम में जारी गतिरोध के बीच 19 जून को मासिक अधिवेशन बुलाया गया है। नगर निगम की चेयरपर्सन माला राय ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि 22 मई को नगर निगम में एक अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई थी। उस दिन माला राय ने अधिवेशन बुलाया था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों के पहुंचने के बावजूद बैठक कक्ष का दरवाजा बंद मिला। इसके कारण पार्षद अंदर नहीं जा सके। कुछ देर इंतजार के बाद माला राय और उपस्थित पार्षदों ने बैठक कक्ष के बाहर ही बैठक की।
घटना के बाद मेयर फिरहाद हाकिम ने नाराजगी जताते हुए इसे नगर निगम के लिए “काला दिन” बताया था। उन्होंने सभी पक्षों से टकराव छोड़कर शहरवासियों के हित में मिलकर काम करने की अपील की थी। बैठक में मौजूद तृणमूल पार्षदों को धन्यवाद भी दिया था। इस घटना को लेकर कोलकाता हाई कोर्ट में मामला दायर किया गया। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की खंडपीठ ने निर्देश दिया कि नगर निगम की चेयरपर्सन माला राय नगर निगम कानून के अनुसार नियमित मासिक बैठक बुला सकती हैं।
हाई कोर्ट के इस निर्देश के बाद 19 जून को अधिवेशन बुलाने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

