home page

अभिषेक बनर्जी को कोलकाता नगर निगम से 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत, 17 संपत्तियों पर मांगा गया जवाब

 | 
अभिषेक बनर्जी को कोलकाता नगर निगम से 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत, 17 संपत्तियों पर मांगा गया जवाब


कोलकाता, 25 मई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने उनकी 17 संपत्तियों को लेकर जारी नोटिसों के जवाब के लिए 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत दे दी है। अभिषेक बनर्जी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं।

कोलकाता नगर निगम ने हाल ही में अभिषेक बनर्जी को नोटिस जारी कर उनकी संपत्तियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर स्पष्टीकरण मांगा था। निगम अधिकारियों ने दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित हरीश मुखर्जी रोड पर उनके आवास की दीवार पर भी नोटिस चस्पा किया था। पहले इन नोटिसों का जवाब देने की अंतिम समयसीमा सोमवार मध्यरात्रि तक निर्धारित की गई थी।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को अभिषेक बनर्जी के अधिवक्ता ने नगर निगम को पत्र भेजकर जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। इसके बाद सोमवार को निगम प्रशासन ने उन्हें 10 दिन का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया।

नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में यह सवाल उठाया गया है कि उनकी संपत्तियों में यदि कोई अतिरिक्त निर्माण कराया गया है तो उसके लिए निगम से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। निगम ने स्पष्ट किया है कि जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

इसी बीच सोमवार दोपहर अभिषेक बनर्जी के “शांतिनिकेतन” नामक आवास पर सादे कपड़ों में कोलकाता पुलिसकर्मियों की एक टीम अचानक पहुंची। हालांकि पुलिस की ओर से मीडिया को इस दौरे के उद्देश्य के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी कुछ समय तक आवास के भीतर रहे और बाद में एक मॉनिटर बाहर लेकर निकले। उस मॉनिटर को “कोलकाता पुलिस” लिखे एक सफेद वाहन में रखा गया। पुलिस टीम के रवाना होने के कुछ समय बाद वहां से एक कार भी निकली, जो कथित तौर पर बनर्जी परिवार के कुछ सदस्यों की कंपनी के नाम पर पंजीकृत है।

बताया गया है कि “शांतिनिकेतन” आवास भी उसी कंपनी के नाम पर नगर निगम में पंजीकृत है। पुलिस की अचानक मौजूदगी को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय