कोलकाता नगर निगम चुनाव नवंबर-दिसंबर में कराने की तैयारी, अवैध पार्किंग पर भी सख्ती होगी : मंत्री अग्निमित्रा पाल
कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार कोलकाता नगर निगम (केएमसी) का चुनाव नवंबर-दिसंबर में कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव से पहले वार्डों के पुनर्गठन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने शहर में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए नई और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की भी घोषणा की।
नगर निगम चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि कई वार्डों की आबादी और क्षेत्रफल में बड़ा असंतुलन है। कुछ वार्ड इतने बड़े हैं कि वहां लोगों तक आवश्यक सेवाएं प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रही हैं, जबकि कुछ वार्ड अपेक्षाकृत छोटे होने के बावजूद समान वित्तीय आवंटन प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस असंतुलन को दूर करना जरूरी है ताकि सभी नागरिकों को समान स्तर की सुविधाएं मिल सकें।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नगर निगम चुनाव नवंबर-दिसंबर में ही कराए जाएं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद यदि उनकी पार्टी को जनादेश मिलता है तो नगर सेवाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा।
शहर में अवैध पार्किंग की समस्या पर मंत्री ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने नगर निगम क्षेत्र में लगभग 15 हजार पार्किंग स्थलों की पहचान की है, जबकि अब तक करीब 10 हजार पार्किंग स्थल नगर निगम के रिकॉर्ड में सूचीबद्ध हैं। शेष स्थलों का भी सत्यापन कर उन्हें आधिकारिक सूची में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक अधिकृत पार्किंग स्थल पर वर्दीधारी पार्किंग कर्मी तैनात होंगे, जिनके पास फोटोयुक्त पहचान पत्र होगा। पार्किंग शुल्क की पूरी व्यवस्था डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी और इसके लिए एक विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया जा रहा है। नकद भुगतान की व्यवस्था समाप्त कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर निर्धारित शुल्क का बोर्ड भी लगाया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही दरों की जानकारी मिल सके।
मंत्री ने लोगों से फुटपाथों पर वाहन खड़े न करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति फुटपाथ पर वाहन खड़ा करता पाया गया तो कोलकाता पुलिस उसके खिलाफ जुर्माने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

