home page

पूर्व तृणमूल विधायक खोकन दास को हेलमेट पहनाकर अदालत में पेश किया गया

 | 
पूर्व तृणमूल विधायक खोकन दास को हेलमेट पहनाकर अदालत में पेश किया गया


बर्धमान, 02 जून (हि. स.)। बर्धमान दक्षिण के पूर्व तृणमूल विधायक खोकन दास को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उन्हें हेलमेट पहनाकर अदालत ले जाया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

खोकन दास को कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें बर्धमान लाया गया। उनके खिलाफ जून 2025 में जबरन वसूली, धमकी एवं हत्या के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में लोगों की प्रतिक्रिया भी देखने को मिली थी। कई स्थानों पर लोगों ने खुशी जताते हुए मिठाइयां बांटी और जश्न मनाया था।

मंगलवार को अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। थाना परिसर से लेकर अदालत तक उन्हें कड़े सुरक्षा घेरे में लाया गया। अदालत पहुंचने पर खोकन दास के सिर पर हेलमेट देखा गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राजनीतिक नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक विरोध की घटनाएं बढ़ी हैं। इसी कारण पुलिस किसी प्रकार का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं दिखी और पूर्व विधायक को पूरी सुरक्षा के साथ अदालत में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता