खड़गपुर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
खड़गपुर, 04 मार्च (हि.स.)। होली के दिन पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के लास्ट मलांचा इलाके में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से झूलती अवस्था में बरामद किया गया। घटना से इलाके में शोक और संशय का माहौल है।
मृतका की पहचान श्रावणी सुर (35) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, श्रावणी प्रायः अपने मायके केशपुर में रहती थीं, जबकि पिछले लगभग पंद्रह दिनों से वह लास्ट मलांचा स्थित अपने ससुराल में रह रही थीं।
मृतका के पति विश्वजीत सुर ने बताया कि मंगलवार रात तक सब कुछ सामान्य था। परिवार के सभी सदस्य साथ बैठकर भोजन करने के बाद सोने चले गए। उन्होंने बताया कि भोर में जब उनकी नींद खुली और पत्नी को कमरे में नहीं पाया तो तलाश करने पर बगल के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से झूलती हुई मिलीं।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब छह बजे खड़गपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि विभिन्न समूहों से लिए गए ऋण (ग्रुप लोन) के कारण परिवार में आर्थिक तनाव चल रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका अपने पीछे दो नाबालिग बच्चों को छोड़ गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

