दक्षिण पूर्व रेलवे की बड़ी कार्रवाई, बिना टिकट 377 मामलों में जुर्माना
खड़गपुर, 19 अप्रैल (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल द्वारा बिना टिकट तथा अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने और यात्रियों के लिए निष्पक्ष यात्रा वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को विभिन्न ट्रेनों और स्टेशनों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
रेलवे की ओर से रविवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह विशेष अभियान ट्रेन संख्या 22504, 18046, 68052, 18044, 18038, 68441, 18045, 12841, 38432, 38705, 38811, 38436, 68013, 38713, 12828, 12857, 12842 सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में चलाया गया। इसके साथ ही सोरो, जलेश्वर, बालेश्वर, मेचेदा, फुलेश्वर, चेंगैल, अंदुल, चकुलिया, खड़गपुर, जकपुर और गिरिमैदान समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर भी व्यापक जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के कुल 377 मामले पकड़े गए। इन मामलों में यात्रियों से एक लाख 91 हजार 760 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह अभियान टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से चलाया गया, ताकि रेलवे के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

