home page

खड़गपुर में छिनतई गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

 | 
खड़गपुर में छिनतई गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार


मेदिनीपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। खड़गपुर शहर में लगातार हुई छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक की पहचान सूरज कहार के रूप में हुई है, जबकि दो आरोपित नाबालिग हैं।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बुधवार देर शाम मेदिनीपुर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बताया कि गिरफ्तार आरोपित खड़गपुर शहर में हुई छिनतई की कई घटनाओं में शामिल थे। उन्होंने बताया कि मई में दो, जुलाई में दो और अगस्त में दो छिनतई की घटनाएं हुई थीं।

पुलिस के अनुसार सेरसा स्टेडियम, अतुलमणि स्कूल, संघश्री क्लब, न्यू ट्रैफिक और साईं बाबा मंदिर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छिनतई किए गए छह सोने के हार में से दो एक सोने की दुकान से बरामद किए गए हैं, जबकि चार हार गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद हुए हैं। मामले में सोने की दुकान के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने कहा कि कोई भी अपराधी लोगों को नुकसान पहुंचाकर बच नहीं सकता। अपराधियों की मदद करने वालों के खिलाफ भी पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता