home page

खड़गपुर में स्मार्ट हेलमेट पहल से बढ़ी सड़क सुरक्षा

 | 
खड़गपुर में स्मार्ट हेलमेट पहल से बढ़ी सड़क सुरक्षा


खड़गपुर में स्मार्ट हेलमेट पहल से बढ़ी सड़क सुरक्षा


खड़गपुर में स्मार्ट हेलमेट पहल से बढ़ी सड़क सुरक्षा


खड़गपुर, 04 फरवरी (हि. स.)। सड़क दुर्घटनाओं में घायल बाइक सवारों की जान बचाने के उद्देश्य से मेदिनीपुर जिला पुलिस एवं खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड की ओर से बुधवार सुबह इंदा क्षेत्र में एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इस अभियान के तहत बाइक चालकों का रक्त परीक्षण कर उनका ब्लड ग्रुप हेलमेट में अंकित किया गया, साथ ही परिवार के एक सदस्य का संपर्क नंबर भी हेलमेट पर दर्ज किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की पहचान, रक्त समूह और परिजनों की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके, जिससे समय पर इलाज संभव हो और कीमती समय बर्बाद न हो।

खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड के ओसी संगीत रॉय ने बताया कि अक्सर सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायल व्यक्ति का ब्लड ग्रुप और परिजनों की जानकारी न मिलने के कारण इलाज में देरी होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह सामाजिक अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि हेलमेट में दर्ज जानकारी आपातकालीन स्थिति में पुलिस, स्थानीय लोगों और अस्पताल प्रशासन के लिए बेहद मददगार साबित होगी।

ओसी संगीत रॉय ने आगे बताया कि यह पहल केवल ट्रैफिक नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा उद्देश्य मानव जीवन की रक्षा करना है। आने वाले दिनों में इस तरह के और भी जागरूकता व सामाजिक अभियानों को विभिन्न इलाकों में चलाने की योजना है।

इस अभिनव और मानवीय पहल को लेकर स्थानीय लोगों और बाइक चालकों ने मेदिनीपुर जिला पुलिस एवं खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड की सराहना की है।

लोगों का मानना है कि यदि इस व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में कई जानें बचाई जा सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता