आरपीएफ ने मार्कोना स्टेशन पर टिकट दलाल को दबोचा
खड़गपुर, 21 मई (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), खड़गपुर मंडल ने “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत अवैध रेलवे टिकट दलाली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मार्कोना रेलवे स्टेशन से एक दलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई यात्रियों को सुगम, पारदर्शी एवं निष्पक्ष टिकट बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई।
जानकारी के अनुसार, मार्कोना रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर अवैध टिकट दलाली की सूचना पर आरपीएफ द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में छापेमारी सह चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पीआरएस काउंटर के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, जिसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा यात्रियों से अतिरिक्त धनराशि लेकर रेलवे आरक्षण टिकट बुक करने की बात स्वीकार की गई। उसके मोबाइल फोन की जांच में निजी आईआरसीटीसी आईडी के माध्यम से बुक किए गए कई लाइव तथा पूर्व में उपयोग किए जा चुके ई-टिकट बरामद हुए। आरोपित किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या प्राधिकरण प्रस्तुत करने में असफल रहा।
आरपीएफ ने कार्रवाई के दौरान एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (सिम एवं मेमोरी कार्ड सहित), एक पीआरएस काउंटर टिकट, आठ लाइव ई-टिकट, छह उपयोग किए जा चुके ई-टिकट, एक व्यक्तिगत आईआरसीटीसी आईडी तथा 430 रुपये नकद जब्त किए। बरामद टिकटों का कुल मूल्य लगभग 19 हजार 29 रुपये आंकी गई है।
आरोपित के खिलाफ रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उसे आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

