खड़गपुर रेल मंडल ने विक्रेताओं के साथ की बैठक, यात्री सुविधाओं पर मिले सुझाव
खड़गपुर, 30 अक्टूबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से शुक्रवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत विक्रेता बैठक के साथ ग्राहक शिकायत निवारण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खड़गपुर मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) ज्ञान रंजन नायक ने की।
बैठक में मंडल की विभिन्न वाणिज्यिक एवं सेवा संबंधी गतिविधियों से जुड़े लगभग 15 विक्रेताओं और ठेकेदारों ने भाग लिया। इस दौरान सेवा संबंधी कार्यों की निविदा प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। विशेष रूप से प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
बैठक में पार्किंग ठेकेदारों ने पार्किंग स्थलों पर यात्रियों और सेवा प्रदाताओं की सुविधा के लिए पूर्ण शेड की व्यवस्था तथा पर्याप्त जल निकासी प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया। अन्य विक्रेताओं और ठेकेदारों ने भी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा रेल उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव और प्रतिक्रियाएं रखीं।
बैठक में विक्रेताओं और ठेकेदारों को अपनी समस्याएं रखने, रचनात्मक सुझाव देने तथा प्रक्रियागत मामलों में स्पष्टीकरण प्राप्त करने का अवसर मिला। उनके सुझावों और प्रतिक्रियाओं को दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

