home page

खड़गपुर रेल मंडल में कर्मियों के 9वें बैच को अग्निशमन प्रशिक्षण

 | 
खड़गपुर रेल मंडल में कर्मियों के 9वें बैच को अग्निशमन प्रशिक्षण


खड़गपुर रेल मंडल में कर्मियों के 9वें बैच को अग्निशमन प्रशिक्षण


खड़गपुर, 05 अक्टूबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल में सोमवार को अग्रिम पंक्ति के रेल कर्मचारियों के लिए अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। सोमवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में रेलवे ने बताया कि यह साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आरपीएफ/जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (जेडटीआई), खड़गपुर में आयोजित किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार, पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, पश्चिम मेदिनीपुर के मंडलीय अग्निशमन अधिकारी के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के सहयोग से यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों के साथ मंडल कार्यालय के कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मचारी और सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के सदस्य भी शामिल हो रहे हैं।

10 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को 9वें बैच के कर्मचारियों ने प्रशिक्षण लिया। खड़गपुर फायर स्टेशन की टीम ने कर्मचारियों को आग से होने वाले खतरों और उनसे बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को आग के प्रकार और खतरों की पहचान, शुरुआती सावधानियां, सही अग्निशामक यंत्र का चुनाव और उसका इस्तेमाल, आग लगने की स्थिति में शुरुआती बचाव तथा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

रेलवे के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को व्यावहारिक अग्नि सुरक्षा कौशल से लैस करना है, ताकि आपात स्थिति में वे तत्काल कार्रवाई कर सकें और यात्रियों, रेल कर्मचारियों तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता