खड़गपुर : दिलीप घोष ने प्रदीप सरकार पर लगाया विकास रोकने का आरोप
खड़गपुर, 21 मार्च (हि.स.)। खड़गपुर की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है, खड़गपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दिलीप घोष ने शनिवार सुबह प्रतिद्वंदी तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप सरकार पर तीखा हमला बोला है।
दिलीप घोष ने प्रदीप सरकार को “विकास में बाधा” और “स्पीड ब्रेकर” करार देते हुए आरोप लगाया कि जब से वह नगर पालिका के चेयरमैन थे, तब से खड़गपुर में विकास कार्यों को रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदीप सरकार ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर यह तक कहा था कि विधायक निधि के तहत खड़गपुर नगरपालिका क्षेत्र में कोई काम न किया जाए।
भाजपा नेता का कहना है कि इस तरह की नीतियों के कारण खड़गपुर में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब हो गई है और आज भी शहर की सड़कों की हालत दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में विकास के नाम पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं, जबकि जनता बेहतर सड़कों और सुविधाओं के लिए तरस रही है।
दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी विकास के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है और जनता इस बार इसका जवाब चुनाव में देगी। उन्होंने दावा किया कि खड़गपुर की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा को समर्थन देकर विकास की राह चुन सकती है।
वहीं, तृणमूल खेमे की ओर से इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए खारिज किया गया है। चुनावी माहौल के बीच खड़गपुर में सियासी जंग और तेज होती जा रही है, जहां दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

