खड़गपुर रेल मंडल ने यात्रियों और वेंडरों को प्लास्टिक मुक्त अभियान से जोड़ा
खड़गपुर, 24 मई (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया है। मंडल प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए यात्रियों, वेंडरों और रेल उपयोगकर्ताओं को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, खड़गपुर, शालीमार और संतरागाछी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर स्थित खाद्य स्टालों, खानपान इकाइयों और वाणिज्यिक आउटलेट्स में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों ने स्टाल संचालकों और वेंडरों को सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगे प्रतिबंध की जानकारी दी तथा पर्यावरण-अनुकूल एवं बायोडिग्रेडेबल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण की भी बात कही।
अभियान के तहत यात्रियों को स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों (पीबीसीएम) के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि इन मशीनों के उपयोग से प्लास्टिक बोतलों का उचित निपटान और रीसाइक्लिंग संभव हो सकेगी, जिससे स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मंडल सांस्कृतिक संघ (डीसीए) की टीम ने संतरागाछी स्टेशन पर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से पर्यावरण, वन्यजीव और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों को रेखांकित किया तथा लोगों से टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में यात्री और आम लोग जुटे।
रेल मंडल के अनुसार, इस जागरूकता अभियान को यात्रियों, वेंडरों और अन्य हितधारकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। मंडल प्रशासन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही सभी रेल उपयोगकर्ताओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद कर स्वच्छ और हरित भविष्य के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

