खड़गपुर मंडल की तरफ से सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच और सम्मान शिविर का आयोजन
खड़गपुर, 30 सितंबर (हि. स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत खड़गपुर मंडल ने बुधवार को खड़गपुर, बालेश्वर, संतरागाछी सहित कई प्रमुख स्थानों पर सफाई मित्र सुरक्षा सेवा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया। शिविर में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस दौरान ठेके पर कार्यरत स्वच्छता एवं ओबीएचएस कर्मचारियों, रेलवे ट्रैक के किनारे सफाई करने वाले कर्मचारियों और रेलवे कॉलोनियों में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए एकल खिड़की स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इसमें सफाई मित्रों के साथ उनके आश्रितों को भी शामिल किया गया।
मंडल की ओर से सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट और अन्य सुरक्षा सामग्री भी दी गई। इसके अलावा पात्र सफाई मित्रों को विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। रेलवे परिसरों की सफाई में योगदान के लिए स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में सफाई मित्रों और स्वच्छताग्रहियों को सम्मानित भी किया गया।
खड़गपुर मंडल ने बताया कि सफाई मित्र रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
मंडल एक अक्टूबर को होने वाले देशव्यापी श्रमदान कार्यक्रम ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ में भी भाग लेगा।
इसके तहत खड़गपुर के स्थानीय बाजार और गोल बाजार सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा रेलवे कॉलोनियों में श्रमदान किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

