चोरी के संदेह में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, दो गिरफ्तार
मेदिनीपुर, 24 फ़रवरी (हि. स.)। खड़गपुर ग्रामीण इलाके में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को चोरी के संदेह में बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे सबंग ब्लॉक का एक युवक गलती से पांचपाड़ा गांव में पहुंच गया। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांध दिया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित युवक ने काफी देर तक गुहार लगाई, लेकिन उसे लंबे समय तक बंधक बनाकर रखा गया।
सूचना मिलने पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाकर उपचार के लिए भेजा। युवक के परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर सीमंत मिश्र और श्रीकांत मिश्र नामक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सौम्यदीप चंद नामक एक युवा मैकेनिकल इंजीनियर को भी बाहरी व्यक्ति समझकर खड़गपुर ग्रामीण क्षेत्र में बेरहमी से पीटा गया था। करीब 12 दिन तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद उनकी मौत भुवनेश्वर के एक अस्पताल में हो गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक पॉलाशचंद्र ढाली ने कहा कि अफवाहों के खिलाफ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से आगे आने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

