home page

खड़गपुर में 58 क्विंटल प्रतिबंधित मांस बरामद, सात वाहन जब्त, 18 लोग गिरफ्तार

 | 
खड़गपुर में 58 क्विंटल प्रतिबंधित मांस बरामद, सात वाहन जब्त, 18 लोग गिरफ्तार


खड़गपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। खड़गपुर लोकल थाना पुलिस ने अवैध रूप से मांस ले जाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात वाहनों को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, इन वाहनों से करीब 58 क्विंटल मांस बरामद किया गया है। मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने शनिवार रात को पत्रकार सम्मेलन में कार्रवाई की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, खड़गपुर के गोलबाजार और पांचबेड़िया इलाके से मांस लेकर सात वाहन कोलकाता, दक्षिण 24 परगना और हावड़ा की ओर जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर खड़गपुर लोकल थाना और सादतपुर फांड़ी की पुलिस ने चौरंगी इलाके में अभियान चलाकर वाहनों को रोका। इनमें पांच निजी कार और दो पिकअप वाहन शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वाहनों से करीब 58 क्विंटल मांस बरामद किया गया। सभी सात वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पशु वध से संबंधित कानून और खाद्य सुरक्षा कानून सहित कई गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि दो दिन पहले वे खड़गपुर पहुंचे थे और जामा मस्जिद के आसपास के इलाके से मांस लेकर हावड़ा के लिए रवाना हुए थे। उसने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी इसी तरह कई बार मांस ले जाया गया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, खड़गपुर-एक प्रखंड के प्राणी संपदा विकास अधिकारी कल्लोल मैती ने बताया कि बरामद मांस के नमूने एकत्र किए जाएंगे और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस प्रकार का है।

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। जांच में मांस के स्रोत, उसे कहां से लाया गया था, कहां भेजा जा रहा था और पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता