नेपाल में बाढ़ के बाद खड़गपुर के पूर्व रेलकर्मी स्वप्न कुमार सिन्हा लापता
खड़गपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। खड़गपुर के प्रेम बाजार निवासी और पूर्व रेलकर्मी स्वप्न कुमार सिन्हा (62) नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं। वह कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर गए थे। परिवार के अनुसार मंगलवार तक स्वप्न कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
स्वप्न कुमार के बड़े भाई मिलन कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके छोटे भाई 21 अगस्त को कोलकाता के ‘चलो जाई क्लब’ के साथ कैलाश-मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे और छह सितंबर को लौटने वाले थे। मंगलवार तक परिवार के लोगों से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार को नेपाल में भीषण बाढ़ की खबर मिलने पर परिवार ने स्वप्न कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा।
मिलन कुमार ने बताया कि परिवार ने यात्रा कराने वाली संस्था से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी स्वप्न कुमार के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर स्वप्न कुमार से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी और परिवार के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए। दूतावास की ओर से बताया गया कि नेपाल में राहत और बचाव कार्य जारी है। स्वप्न कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर परिवार को सूचित किया जाएगा।
परिवार ने भवानी भवन से भी संपर्क किया है। वहां से बताया गया कि नेपाल में आए भीषण प्राकृतिक संकट के कारण संचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, जिसके चलते संपर्क करने में कठिनाई हो रही है।
मिलन कुमार ने कहा कि हर घंटे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। स्वप्न कुमार के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिलने से घर के सभी सदस्य बेहद चिंतित हैं और उनके सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

