खड़गपुर में शराब के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन इलाकों में छापेमारी
खड़गपुर, 16 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को शहर के साउथ साइड, गोलबाजार और सेंट्रल बस स्टैंड सहित कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी शराब जब्त की।
जानकारी के अनुसार, शहर में अवैध रूप से शराब के भंडारण और कारोबार की सूचना मिलने के बाद दोनों विभागों ने मिलकर यह अभियान चलाया। विभिन्न स्थानों पर तलाशी के दौरान अवैध रूप से रखी गई शराब की बोतलें बरामद की गईं। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य कई हजार रुपये बताया जा रहा है।
हालांकि, अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त शराब कहां से लाई गई थी और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके पीछे किसी बड़े गिरोह की भूमिका होने की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

