home page

खड़गपुर में हनी ट्रैप गिरोह का भांडाफोड़, प्रभावशाली लोगों को ब्लैकमेल कर वसूलते थे बड़ी रकम

 | 
खड़गपुर में हनी ट्रैप गिरोह का भांडाफोड़, प्रभावशाली लोगों को ब्लैकमेल कर वसूलते थे बड़ी रकम


खड़गपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में प्रभावशाली लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनके निजी वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने वाले एक बड़े गिरोह का खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने रविवार रात अभियान चलाकर गिरोह की दो कथित मुख्य संचालिकाओं सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। सोमवार को सभी आरोपितों को खड़गपुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खड़गपुर शहर के 29 नंबर वार्ड के झोली क्षेत्र स्थित एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार और हनी ट्रैप का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। गिरोह की कथित संचालिकाओं की पहचान बिनीता कुमारी और आर. मीनाक्षी के रूप में हुई है। आरोप है कि ये लोग परिचितों तथा प्रभावशाली व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाकर उक्त स्थान पर बुलाते थे। वहां उनके निजी और आपत्तिजनक क्षणों के वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड किए जाते थे।

इसके बाद उन्हीं वीडियो और तस्वीरों को सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित करने की धमकी देकर पीड़ितों से लाखों रुपये की उगाही की जाती थी। बताया गया है कि कुछ दिन पहले खड़गपुर टाउन थाना पुलिस को गुप्त सूत्रों से इस पूरे रैकेट की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार देर रात पुलिस ने संबंधित मकान में छापेमारी की और बिनीता कुमारी तथा आर. मीनाक्षी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को सभी आरोपितों को खड़गपुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने सभी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार देर शाम बताया कि पुलिस ने देह व्यापार और हनी ट्रैप के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस गिरोह का दायरा कितना व्यापक है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता