खड़गपुर मंडल में रेलकर्मियों को अग्निशमन और अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण
खड़गपुर, 10 अगस्त (हि. स.)। खड़गपुर मंडल द्वारा अग्रिम पंक्ति में कार्यरत रेलकर्मियों की अग्नि सुरक्षा संबंधी जागरूकता, व्यावहारिक दक्षता और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से आरपीएफ/जेडटीआई, खड़गपुर में “अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अगस्त सोमवार से 12 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र में कार्यरत वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों, मंडल कार्यालय में कार्यरत रेलकर्मियों, बाहरी सेवा कर्मचारियों तथा सेंट जॉन एम्बुलेंस, दक्षिण पूर्व रेलवे, खड़गपुर के सदस्यों के लिए आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए पश्चिम मेदिनीपुर के पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा के मंडलीय अग्निशमन अधिकारी द्वारा विशेषज्ञ प्रशिक्षक उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को संभावित अग्नि जोखिमों की पहचान, अग्नि सुरक्षा संबंधी मूलभूत सावधानियां, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का उचित चयन और सुरक्षित उपयोग, आग लगने की प्रारंभिक स्थिति में उठाए जाने वाले कदम, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक अग्निशमन तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह पहल खड़गपुर मंडल द्वारा सुरक्षा और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने तथा अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की क्षमता निर्माण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। प्रशिक्षित कर्मचारी आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई कर यात्रियों, रेलकर्मियों और रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

