home page

खड़गपुर में रेल अधिकारी के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की जांच, 12 घंटे पूछताछ

 | 
खड़गपुर में रेल अधिकारी के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की जांच, 12 घंटे पूछताछ


खड़गपुर, 09 जुलाई (हि. स.)। खड़गपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी के रेलवे आवास पर लगभग 12 घंटे तक जांच और पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय बल के जवानों ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर रखी थी। हालांकि जांच किस मामले में की गई, इस संबंध में ईडी अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस अधिकारी के आवास पर जांच की गई उनका नाम मणिमोहन बराल है। वह खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के अभियंत्रण विभाग में एसएससी पद पर कार्यरत हैं। सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में उनकी कार्यशैली को लेकर पहले भी विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रही हैं।

बताया गया है कि न्यू डेवलपमेंट क्षेत्र स्थित एस-4/1 संख्या के रेलवे आवास पर गुरुवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे ईडी की टीम पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने मणिमोहन बड़ाल से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। पूरे अभियान के दौरान केंद्रीय बल के जवान आवास के चारों ओर तैनात रहे।

शाम को जांच पूरी होने के बाद ईडी की टीम वहां से रवाना हो गई। अभियान के उद्देश्य और जांच के कारणों के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों पर ईडी अधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता