home page

खड़गपुर मंडल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले नौ दक्षता पुरस्कार

 | 
खड़गपुर मंडल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले नौ दक्षता पुरस्कार


खड़गपुर मंडल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले नौ दक्षता पुरस्कार


खड़गपुर मंडल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले नौ दक्षता पुरस्कार


कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल को वर्ष 2025 के दौरान विभिन्न परिचालन एवं कार्यात्मक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और दक्षता के लिए एक साथ कई दक्षता पुरस्कार प्रदान किए गए। रेलवे की ओर से गुरुवार जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि ये पुरस्कार बुधवार को कोलकाता के गार्डन रीच स्थित एसईआरएसए इंडोर स्टेडियम में आयोजित दक्षता पुरस्कार वितरण समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने प्रदान किए।

खड़गपुर मंडल को व्यवसाय एवं यात्री सेवा, यांत्रिक अभियंत्रण, कार्मिक, संरक्षा, टर्मिनल प्रबंधन तथा संकेत एवं दूरसंचार कार्य दक्षता के लिए पुरस्कार मिले। इसके अलावा खड़गपुर मंडल के संतरागाछी कोचिंग डिपो को सर्वश्रेष्ठ कोचिंग डिपो पुरस्कार और खड़गपुर कार्यशाला के कैरिज शॉप को सर्वश्रेष्ठ कार्यशाला (रेल डिब्बा) पुरस्कार प्रदान किया गया।

निमपुरा माल डिपो को चक्रधरपुर मंडल के एडीटीपी माल डिपो के साथ संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ माल डिपो पुरस्कार मिला। इस प्रकार खड़गपुर मंडल से जुड़े विभिन्न विभागों और प्रतिष्ठानों ने रेलवे की कार्यक्षमता के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज कराया।

दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, ये पुरस्कार खड़गपुर मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों तथा कार्य और सेवाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता, व्यावसायिक दक्षता और निरंतर प्रयासों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खड़गपुर मंडल ने परिचालन दक्षता, यात्री सेवाओं, संरक्षा मानकों और परिसंपत्ति प्रबंधन को और बेहतर बनाने तथा रेल यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। पुरस्कारों ने रेलवे परिचालन एवं सेवाओं में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और सामूहिक प्रयासों के महत्व को भी रेखांकित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता