खड़गपुर और दांतन में चुनावी प्रचार तेज, फिरहाद हाकिम और मिथुन चक्रवर्ती करेंगे कार्यक्रम
पश्चिम मेदिनीपुर, 13 अप्रैल (हि. स.)। जिले में चुनावी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। एक ओर जहां रेल शहर खड़गपुर में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम का बड़ा चुनावी कार्यक्रम तय हुआ है, वहीं, दूसरी ओर दांतन में भाजपा के स्टार प्रचारक अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती रोड शो करने जा रहे हैं।
खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को फिरहाद हाकिम तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप सरकार के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी चुनावी प्रचार को नई गति देने की कोशिश में है। पहली बार खड़गपुर में उनकी चुनावी सभा को लेकर तृणमूल कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
उधर, दांतन में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी भद्र हेमराम के समर्थन में अभिनेता और नेता मिथुन चक्रवर्ती रोड शो करेंगे। सोमवार को होने वाले इस रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी जोश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

