खड़गपुर कॉलेज में स्वामी विवेकानंद भवन का उद्घाटन, दिलीप घोष ने कॉलेज की जमीन से कब्जा हटाने की कही बात
खड़गपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्थित ऐतिहासिक खड़गपुर कॉलेज में शनिवार को स्वामी विवेकानंद भवन के भूतल पर बने कक्षाओं का उद्घाटन किया गया। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत 75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता से इस भवन का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता दिलीप घोष ने कॉलेज के विकास, पुरानी आधारभूत सुविधाओं और जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया।
ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि वर्ष 1947 में स्थापित खड़गपुर कॉलेज क्षेत्र का एक पुराना और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। समय के साथ कॉलेज की कई इमारतें पुरानी और जर्जर हो गई हैं। इसके अलावा कॉलेज की जमीन और खेल मैदान के बड़े हिस्से पर कब्जा हो गया है। उन्होंने इसके लिए पूर्ववर्ती सरकारों की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए उचित वातावरण उपलब्ध कराने की
दिशा में सरकार प्रयास कर रही है। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। कॉलेज की जमीन और खेल मैदान को कब्जामुक्त कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
दिलीप घोष ने शिक्षकों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में ऐसा वातावरण होना चाहिए, जहां विद्यार्थी नियमित रूप से पढ़ाई कर सकें और अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में आगे बढ़ें। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज और देश के विकास में योगदान देना भी है।
उन्होंने कहा कि पुराने शिक्षण संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और उनके शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

