खड़गपुर सिविक वॉलंटियर हत्या कांड में एक और आरोपित गिरफ्तार
खड़गपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। खड़गपुर टाउन थाने की पुलिस ने सिविक वॉलंटियर (उदय) हत्याकांड में फरार चल रहे एक और आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच में निर्णायक सफलता हासिल की है। गुरुवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीडीपीओ धीरज ठाकुर ने बताया कि आरोपित मोहम्मद जावेद को बुधवार शाम मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
सीडीपीओ के अनुसार, एसआई दीपक नस्कर के नेतृत्व में खड़गपुर टाउन थाना की चार सदस्यीय टीम को मुंबई भेजा गया था। पुलिस ने जाल बिछाकर मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए मुंबई के ठाणे जिले के ठाकुरली इलाके से आरोपित को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया बुधवार शाम को जावेद काम से लौटकर एक चाय के दुकान पर चाय पी रहा था तभी सफेद कपड़ों में पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया।सीडीपीओ ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को गीतांजलि एक्सप्रेस से खड़गपुर लाया गया, शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बीते 16 दिसंबर की रात शहर के खड़गपुर रेलवे स्टेशन इलाके में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान खड़गपुर टाउन थाना में कार्यरत सिविक वॉलंटियर उदय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 27 दिसंबर को उदय की मौत उड़ीसा के एक निजी अस्पताल में हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया।
उदय की मौत के बाद खड़गपुर में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया था। उदय के शव यात्रा के दिन ही राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी खड़गपुर पहुंचे थे और एक बड़ी रैली लेकर थाना घेराव कर उदय के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की थी।
इस मामले में इससे पहले शेख शोरफु, राहुल श्रीवास्तव, सोनू शंकर, रोशन साहू और रोहन शंकर को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से शेख शोरफु और राहुल श्रीवास्तव को घटना के दिन ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

