खड़गपुर में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या का आरोप
खड़गपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर के हाथीहलका इलाके में शनिवार सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप सामने आया है। मृतक की पहचान समशेर विश्वास (32) के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह समशेर अपने भांजे जाफर के साथ हाथीहलका के कदमतला बाजार में चाय पीने गए थे। उनके साथ भाजपा के कुछ कार्यकर्ता भी थे। सभी चाय की दुकान पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लाठी और रॉड लेकर एक समूह ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले समशेर को घेर लिया और इसके बाद उन्हें चाय की दुकान से खींचकर सड़क पर ले आए।
मामा को बचाने के लिए जाफर आगे बढ़े। भाजपा कार्यकर्ता भी उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद डरकर वे वहां से भाग गए। सीसीटीवी फुटेज में सड़क के बीच बैठे समशेर को करीब 15-20 लोगों के एक समूह द्वारा घेरकर मारते हुए देखा जा रहा है। कुछ लोग उन पर पत्थर फेंकते और कुछ लाठी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास के लोग भी डरकर भागते नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि करीब आधे घंटे तक समशेर के साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल और रक्तरंजित अवस्था में वह घटनास्थल पर गिर पड़े। उन पर चाकू से कई बार हमला किए जाने का भी आरोप है। हमलावरों के चले जाने के बाद स्थानीय लोगों ने समशेर को गंभीर हालत में बरामद कर मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हाथीहलका और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। भाजपा के एक वर्ग ने हमले के पीछे पार्टी के पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच विवाद होने का आरोप लगाया है। खड़गपुर-तीन ग्रामीण मंडल के भाजपा अध्यक्ष संदीप करण ने कहा कि समशेर लंबे समय से भाजपा कार्यकर्ता थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर नए भाजपा कार्यकर्ता या तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोग हो सकते हैं।
कोतवाली थाने के आईसी दीपंकर दास ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

