खानाकुल में रक्तदान शिविर आयोजित
हुगली, 10 नवंबर (हि. स.)। जिले के मंगलवार को खानाकुल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा और मानवता का संदेश देते हुए मंगलवार को खानाकुल के विधायक सुशांत घोष रक्तदान शिविर में शामिल हुए। राजहाटी-एक ग्राम पंचायत के अंतर्गत कुमारहाट पश्चिमपाड़ा गांव में आयोजित इस शिविर में पहुंचकर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य के साथ शिविर में अन्नप्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया था। विधायक सुशांत घोष ने अपने हाथों से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के बीच अन्नप्रसाद वितरित किया। उन्होंने इस सामाजिक पहल में शामिल होकर प्रसन्नता व्यक्त की।
विधायक ने कहा कि लोगों की सेवा करना और जरूरत के समय आम जनता के साथ खड़ा रहना ही उनके लिए वास्तविक आत्मसंतुष्टि का विषय है। उन्होंने रक्तदान जैसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे कई लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

