home page

खानाकुल में भाजपा कार्यकर्ता के भाई की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
खानाकुल में भाजपा कार्यकर्ता के भाई की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार


हुगली, 19 नवंबर (हि. स.)। जिले के खानाकुल में एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मनसा राणा पर लगा है। घटना किशोरपुर-2 ग्राम पंचायत के चुआडांगा इलाके की है। मृतक की पहचान हेमंत राणा (42) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपित के घर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने मुख्य आरोपित मनसा राणा को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक हेमंत राणा का भाई मिथुन इलाके का सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता है। आरोप है कि बुधवार रात बाजार से घर लौटते समय हेमंत को रास्ते में रोककर धारदार चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल हेमंत को आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद हत्या की वजह को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। स्थानीय भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष विकास मंडल ने इसे पार्टी की गुटबाजी का परिणाम बताया है। उनका आरोप है कि इलाके में भाजपा कार्यालय पर कब्जे और स्थानीय स्तर पर वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 16 तारीख को भी इलाके में हिंसा हुई थी और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई थी। विकास मंडल का दावा है कि इसी विवाद के चलते हेमंत की हत्या की गई।

हालांकि, खानाकुल के भाजपा विधायक सुशांत घोष और आरामबाग सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष प्रशांत दिगार ने इसे दो परिवारों के बीच का आपसी विवाद बताया है। उन्होंने घटना को पार्टी की गुटबाजी से जोड़ने से इनकार किया है।

मृतक की पत्नी सुदीपा राणा ने बताया कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह रात में बाजार गए थे और लौटते समय उन्हें अकेला पाकर धारदार चाकू से वार कर दिया गया। उन्होंने मनसा राणा पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया।

सूचना पाकर बुधवार देर रात विधायक सुशांत घोष आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

वहीं, भाजपा के आरामबाग सांगठनिक जिलाध्यक्ष प्रशांत दिगार ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष भाजपा समर्थक हैं, लेकिन इसे पार्टी की गुटबाजी का परिणाम कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने इसे दो परिवारों के बीच का विवाद बताया।

आरामबाग के एसडीपीओ संदीप नंदी ने गुरुवार को बताया कि मुख्य आरोपित मनसा राणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को उसे आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है।

घटना के बाद बुधवार रात आक्रोशित लोगों ने आरोपित के घर में तोड़फोड़ की। खानाकुल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। गुरुवार सुबह भी इलाके में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा रहा। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय