home page

खेजुरी में दीवार लेखन से तृणमूल उम्मीदवार को लेकर चर्चा तेज

 | 
खेजुरी में दीवार लेखन से तृणमूल उम्मीदवार को लेकर चर्चा तेज


मेदिनीपुर, 16 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा से पहले ही क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तृणमूल उम्मीदवार के रूप में रबीन चंद्र मंडल का नाम दीवारों पर लिखा हुआ देखा गया है।

सोमवार सुबह दीवार लेखन की तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। चौराहों से लेकर चाय की दुकानों तक इस विषय पर चर्चा हो रही है। हालांकि, इस संबंध में रबीन चंद्र मंडल ने खुद को अनभिज्ञ बताया है।

उन्होंने कहा कि किसने या किन लोगों ने अत्यधिक उत्साह में मेरा नाम दीवारों पर लिख दिया, इसकी मुझे अभी तक कोई जानकारी नहीं है।

फिलहाल पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन दीवार लेखन को लेकर खेजुरी विधानसभा क्षेत्र में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

भाजपा के एक स्थानीय नेता ने तृणमूल पर तंज कसते हुए कहा कि तृणमूल में अंदरूनी गुटबाजी साफ दिखाई दे रही है। यही वजह है कि दीवार लिखवाकर भी उनका आपसी विवाद और खींचतान उजागर हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता