home page

खड़गपुर आरपीएफ ने घायल बुजुर्ग बचाया और यात्रियों का खोया सामान लौटाया

 | 
खड़गपुर आरपीएफ ने घायल बुजुर्ग बचाया और यात्रियों का खोया सामान लौटाया


खड़गपुर, 03 मार्च (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) खड़गपुर मंडल ने सोमवार शाम एक बार फिर यात्री सुरक्षा और मानवीय सेवा का उदाहरण पेश किया। आरपीएफ ने न केवल एक घायल बुजुर्ग यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई, बल्कि विभिन्न ट्रेनों में छूटे हुए कीमती सामान और मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों तक लौटाया।

रेलवे द्वारा मंगलवार शाम छह बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी साझा की गई। पहली घटना सोमवार रात लगभग 11 बजे की है, जब खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर गश्त के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने झाड़ग्राम से आए एक बुजुर्ग यात्री को संकटपूर्ण स्थिति में पाया। यात्री ने बताया कि झाड़ग्राम स्टेशन पर फिसलने से उसे चोटें आई थीं। आरपीएफ ने तुरंत स्टेशन मास्टर से संपर्क कर एम्बुलेंस बुलवाई और घायल बुजुर्ग को सुरक्षित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया।

दूसरी घटना में आरपीएफ ने 'रेल मदद' पोर्टल पर मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संतरागाछी में (ट्रेन संख्या 20872) के कोच ई-दो से एक छोटा हरा बैग बरामद कर मालिक को लौटाया। वहीं, ट्रेन संख्या 12841 में खड़गपुर-बालेश्वर के बीच छूटे बैग को जनरल कोच से बरामद कर सोमवार को मालिक को सौंपा गया।

तीसरी घटना में तिरुनेलवेली-पुरुलिया एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22606) के कोच एस-पांच में एक यात्री का 'पोको सी51' मोबाइल फोन भूल गया था। बालेश्वर में ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ ने फोन बरामद किया। सोमवार को यात्री ने बालेश्वर आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर अपना फोन प्राप्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपए बताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता