खड़गपुर में पतंजलि योग शिविर, मंत्री दिलीप घोष ने किया योग का संदेश प्रसारित
खड़गपुर, 20 जून (हि.स.)।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में पतंजलि योग समिति की ओर से शनिवार सुबह मालांचा स्थित धोबीघाट मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री दिलीप घोष उपस्थित रहे। मंच पर उनके साथ रश्मि मैटालिक लिमिटेड ग्रुप के चेयरमैन सज्जन पटवारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पतंजलि योग समिति के जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंच पर मौजूद मंत्री दिलीप घोष, रश्मि ग्रुप के चेयरमैन सज्जन पटवारी तथा अन्य पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान दिलीप घोष ने कहा, “योग भारत की प्राचीन विरासत है। अगर हर व्यक्ति रोजाना कुछ समय योग को दे, तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है और जीवन स्वस्थ बन सकता है।”
वहीं सज्जन पटवारी ने कहा, “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम शारीरिक और मानसिक रूप से बेहतर जीवन जी सकते हैं।”
योग शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योगाभ्यास शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

