हिजली स्टेशन पर लावारिस बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद
खड़गपुर, 21 मई (हि. स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हिजली रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
गुरुवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, 20 मई की सुबह ट्रेन संख्या 22643 पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस हिजली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर पहुंची थी। इसी दौरान आरपीएफ टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच संख्या एस-11 के शौचालय के पास दो लावारिस बैग पड़े मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बैगों से गांजे जैसी तेज गंध आने पर आरपीएफ कर्मियों ने दोनों बैगों को प्लेटफॉर्म पर उतारा तथा नियमानुसार एक राजपत्रित अधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों के भीतर भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटे कुल 10 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा भरा हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि पैकिंग सामग्री सहित बरामद सामान का कुल वजन लगभग 10.400 किलोग्राम मापा गया।
आरपीएफ ने जब्त मादक पदार्थ और संबंधित दस्तावेज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी खड़गपुर को सौंप दिए हैं। इस संबंध में जीआरपी खड़गपुर ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

