केशपुर में सभा रोकने का मामला फिर खुलेगा, शुभेंदु ने दिए निर्देश
पश्चिम मेदिनीपुर, 11 अगस्त (हि. स.)। जिले के केशपुर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को वर्ष 2024 के एक मामले की जांच फिर से शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केशपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान कथित अत्याचार और राजनीतिक मामलों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए।
शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार केशपुर पहुंचे। शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस के अवसर पर उन्होंने केशपुर प्रखंड के मोहबनी स्थित खुदीराम बोस की जन्मभूमि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास के साथ राजनीतिक हिंसा के पुराने मामलों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती शासन के दौरान ‘नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद’ कहने पर भी कई लोगों को कथित रूप से प्रताड़ित किया गया और उनके विरुद्ध मामले दर्ज किए गए। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों की ओर संकेत करते हुए कहा कि कई लोगों को महीनों तक जेल में रहना पड़ा।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि ऐसे मामलों को वापस लेने की कार्रवाई की जाए। साथ ही वर्ष 2024 में केशपुर में उनकी सभा को कथित रूप से रोकने से जुड़े मामले की जांच दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2024 में केशपुर में उन्हें सभा करने से रोकने का प्रयास किया गया था। उनके अनुसार, उस समय भी उन्होंने पीछे हटने से इनकार किया था। उन्होंने कहा कि उस घटना को वह भूले नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित करते हुए कहा कि संबंधित मामले को फिर से सामने लाया जाए और उसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

