केशपुर में स्मृति सभा को लेकर भाजपा और माकपा आमने-सामने
मेदिनीपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर में माकपा की शहीद स्मरणसभा को लेकर भाजपा और माकपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। माकपा ने आरोप लगाया है कि शहीद स्मरणसभा में लोगों की भीड़ रोकने के लिए भाजपा गांव-गांव मोटरसाइकिल रैली निकाल रही है। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे स्वतंत्रता दिवस से पहले चल रहे अपने कार्यक्रम का हिस्सा बताया है।
माकपा के अनुसार, पार्टी के दिवंगत नेता जमशेद अली की पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष 10 अगस्त को शहीद स्मरणसभा आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी केशपुर के जामशेद अली स्मृति भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं, भाजपा ने इसी दिन केशपुर बाजार में रक्तदान शिविर आयोजित किया है। दोनों दलों के कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
केशपुर माकपा नेता शुभाशीष पाइन ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी इलाके में भय का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि 2011 के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर चले गए कई पुराने समर्थक अब फिर से माकपा में लौट रहे हैं। उनके अनुसार, आठ अगस्त को जामशेद अली स्मृति भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में 108 लोगों ने रक्तदान किया था। माकपा नेता का आरोप है कि इस भीड़ को देखकर भाजपा भयभीत है और लोगों को प्रभावित करने के लिए गांव-गांव मोटरसाइकिल रैली निकाल रही है।
भाजपा ने माकपा के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। घाटल संगठनात्मक जिला भाजपा के उपाध्यक्ष रविवार तिरंगा यात्रा के दौरान अजय प्रधान ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है और प्रत्येक राजनीतिक दल को सभा तथा रैली करने का अधिकार है। उन्होंने सभी पक्षों से क्षेत्र में किसी प्रकार का विवाद पैदा नहीं करने की अपील की।
वहीं रविवार रात भाजपा नेता तन्मय घोष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न इलाकों में मोटरसाइकिल रैलियां निकाली जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन रैलियों का उद्देश्य किसी प्रकार का आतंक या राजनीतिक दबाव बनाना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त 1983 की रात केशपुर स्थित पार्टी कार्यालय में तत्कालीन माकपा नेता जमशेद अली की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद अगले वर्ष से माकपा उनकी स्मृति में इस दिन शहीद स्मरणसभा आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

