केशियाड़ी के कुसुमपुर में तालाब में डूबे युवक का शव बरामद
पश्चिम मेदिनीपुर, 03 सितंबर (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र के कुसुमपुर में तालाब में डूबे एक व्यक्ति का शव गुरुवार दोपहर को गोताखोर दल ने बरामद किया। गुरुवार तड़के कुसुमपुर इलाके में एक व्यक्ति को तालाब में डूबते हुए स्थानीय कुछ लोगों ने देखा। सुबह करीब चार बजे तालाब की ओर से चीखने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे थे। उनकी आंखों के सामने व्यक्ति पानी में डूब गया। इसके बाद घटना की सूचना केशियाड़ी थाने को दी गई।
सूचना पाकर केशियाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ब्लॉक प्रशासन के सहयोग से गोताखोर दल को तालाब में उतारा गया और व्यक्ति की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद गोताखोरों ने तालाब से एक युवक का शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और वह किन परिस्थितियों में तालाब में डूबा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। केशियाड़ी थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

