केशियाड़ी में दिनदहाड़े छात्रा से छिनतई, इलाके में सनसनी
मेदिनीपुर, 25 मार्च (हि. स.)। केशियाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा से छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।घटना केशियाड़ी के गैराज पाड़ा इलाके में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11वीं की छात्रा अनुष्का गिरी सुबह लगभग 10:30 बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए केशियाड़ी बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेलदा की दिशा से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक अचानक पहुंचे और छात्रा की साइकिल की टोकरी में रखा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात से छात्रा घबरा गई और रोने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी सहायता की तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है तथा आरोपितो की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

