केशियाड़ी की समस्याओं पर भाजपा ने जारी की चार्जशीट
पश्चिम मेदिनीपुर, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी में क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
मंगलवार रात केशियाड़ी चार नंबर मंडल कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया। इस दौरान केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भद्र हेंब्रम ने स्वयं उपस्थित होकर इलाके की वर्तमान स्थिति को लेकर एक “चार्जशीट” पेश की।
पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने मुख्य रूप से सुवर्णरेखा नदी के तटवर्ती इलाकों में स्थित बालू घाटों से अवैध रूप से बालू ढोने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि प्रशासन की आंखों के सामने ही यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बालू तस्करी के साथ-साथ केशियाड़ी क्षेत्र के समग्र विकास की स्थिति भी बेहद खराब है। उनके अनुसार, इलाके की अधिकांश सड़कें अब भी जर्जर हालत में पड़ी हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन की विफलता और लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा के कारण ही क्षेत्र की यह स्थिति बनी हुई है, जिसे उन्होंने अपनी इस “चार्जशीट” के माध्यम से जनता के सामने रखने का प्रयास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

